नूपुर शर्मा के खिलाफ कुवैत में प्रदर्शन करना प्रदर्शकारियों पर पड़ा भारी तथा वापसी पर भी लगा प्रतिबंध।
भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता रह चुकी नुपुर शर्मा इन दिनों पैगंबर मुहम्मद पर दिए गए बयान को लेकर हर तरफ चर्चा कि विषय बनी हुई है,हालांकि उनके इस बयान के बाद देश ही नहीं बल्कि दुनिया में हो रहे दंगे और प्रदर्शन को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें पार्टी से फिलहाल निष्कासित कर दिया है।
वहीं दूसरी तरफ कुवैत में नूपुर शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन करना प्रवासियों पर भी भारी पड़ा। कुवैत ने पैगंबर मुहम्मद साहब पर नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ धरना प्रदर्शन में उपस्थित होने वाले सभी प्रवासियों को निर्वासित करने का फैसला कर लिया है।
कुवैत के कानूनों के अनुसार, कुवैत में प्रवासियों को किसी भी तरह का धरना प्रदर्शन आदि आयोजित करने की इजाजत नहीं है। लेकिन इसके बावजूद भी फहील इलाके में रहने वाले कुछ प्रवासियों ने इस कानून को नजरंदाज करते हुए तथा इसे तोड़ते हुए धरना और प्रदर्शन को जारी रखा।
आपको बता दें कि वहां के स्थानीय प्रशासन ने जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन का आयोजन करने वाले फहील क्षेत्र से प्रवासियों को गिरफ्तार करने का आदेश जारी कर दिया है। धरना मोर्चा कर रहे सभी प्रदर्शनकारियों को कुवैत के कानून का उल्लंघन करने के आरोप में निर्वासित किया जाएगा। वहीं यह भी साफ़ हो गया है कि कुवैत में माहौल खराब करने में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश सहित कई देशों के नागरिक शामिल हैं।
जिसके बाद वहां की सरकार की ओर से इससे जुड़े प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। सरकार का कहना है कि यदि अभी इन प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उनके देश में रहने वाले दूसरे देशों के नागरिक भी कानून को अपने हाथ में लेने शुरू कर देंगे।
वहीं एक रिपोर्ट के जरिए यह पता चला कि, वहां के जासूस उन्हें गिरफ्तार करने और निर्वासन केंद्र को सौंपने के काम में जुट गए हैं। यहीं से इन प्रवासियों को उनके देशों में निर्वासित किया जाएगा। ऐसे लोगों को कुवैत में फिर से प्रवेश करने पर प्रतिबंध भी लगाया जा रहा है।
वहां के प्रशासन ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से कहा कि कुवैत में सभी प्रवासियों को कुवैती कानूनों का सम्मान करते हुए किसी भी प्रकार के प्रदर्शनों में भाग नहीं लेना चाहिए।
इतना ही नहीं नूपुर शर्मा के खिलाफ देश के हर कोने से निकलकर लोग अपना आक्रोश दिखा रहे है। बीते शुक्रवार को भारत में भी पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ दिए गए बयान का विरोध करते हुए कई जगहों पर लोगों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया।
कानपुर,प्रयागराज, सहारनपुर समेत कई शहरों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। इसके अलावा दिल्ली, कोलकाता में भी विरोध प्रदर्शन जारी है। कई जगहों पर कानून व्यवस्था भंग होने पर पुलिसकर्मियों ने बल का प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। इस मामले में अबतक सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।